क्षेत्रीय
23-Feb-2026
...


वाराणसी (ईएमएस) । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता एवं सतत् नवाचार के बल पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2025–26 में निर्मित 500वें विद्युत लोकोमोटिव WAP7 का सफलतापूर्वक टर्न-आउट किया। यह उपलब्धि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत एवं रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (कर्षण) सोमेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। पर्यावरण अनुकूल डिजाइन एवं उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से युक्त यात्रीवाहक WAP7 लोकोमोटिव नं. 45002 को पूर्व रेलवे के हावड़ा लोको शेड के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त सदस्य (कर्षण) सोमेश कुमार ने बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मेहनत एवं लगन के कारण ही बरेका ने चालू वित्तीय वर्ष में 500 लोकोमोटिव उत्पादन किया है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अपने संबोधन में बरेका टीम की कार्यक्षमता पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित सभी उत्पादन लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने लोकोमोटिव निर्माण में गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” के मंत्र के अनुरूप बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में अब तक 500 लोकोमोटिव का निर्माण कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है, जिससे संपूर्ण बरेका परिवार गौरवान्वित है। विदित हो कि वर्ष 2017 में दो विद्युत लोकोमोटिव निर्माण प्रारंभ करने के पश्चात मात्र नौ वर्षों में 2855 विद्युत लोकोमोटिव का निर्माण बरेका की उत्पादन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। वर्तमान में बरेका यात्री सेवा हेतु WAP7 तथा मालवाहक सेवा हेतु WAG9 लोकोमोटिव का निर्माण कर रहा है। बरेका अब तक कुल 11187 लोकोमोटिव का निर्माण कर चुका है तथा 11 देशों को 182 लोकोमोटिव का सफल निर्यात भी कर चुका है। चालू वित्तीय वर्ष में मोजाम्बिक रेलवे को 10 अत्याधुनिक डीजल-इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का निर्यात बरेका की वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ करता है। लोकार्पित WAP7 एक 6000 अश्वशक्ति का उच्च गति विद्युत लोकोमोटिव है, जिसे सभी प्रकार की यात्री, मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन हेतु डिजाइन किया गया है। इसकी अधिकतम गति 140 किमी प्रति घंटा है तथा यह 24 कोच तक खींचने में सक्षम है। इसमें Co-Co पहिया विन्यास, वातानुकूलित ड्राइवर कैब, हेड-ऑन जेनरेशन प्रणाली, रिजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, होटल लोड सुविधा तथा कंप्यूटर नियंत्रित ब्रेकिंग प्रणाली जैसी आधुनिक विशेषताएं हैं, जो इसे ऊर्जा दक्ष, सुरक्षित एवं उच्च प्रदर्शन वाला बनाती हैं। इस अवसर पर बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एस.के. श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक कुमार अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, मुख्य विद्युत इंजीनियर-लोको अरविन्द कुमार जैन, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर-लोको सुदीप रावत सहित सदस्य, कर्मचारी परिषद, एस.सी.-एस.टी. एसोसिएशन के पदाधिकारीगण अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। डॉ नरसिंह राम /23 फरवरी2026