:: यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ समाजसेवियों के साथ की मुख्यमंत्री से भेंट :: इंदौर (ईएमएस)। नवलखा स्थित महाराजा अग्रसेन प्रतिमा स्थल पर नवनिर्मित होने वाले भव्य अग्रसेन प्रवेश द्वार के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आमंत्रित किया गया है। रविवार को उनके इंदौर प्रवास के दौरान अग्रसेन यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस गरिमामयी समारोह का निमंत्रण सौंपा। अग्रसेन यूथ क्लब द्वारा निर्मित यह भव्य प्रवेश द्वार आगामी 19 मार्च को गुड़ी पड़वा यानी हिन्दू नववर्ष के पावन पर्व पर जनता को समर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि वे समाज के इस महत्वपूर्ण गौरव स्तंभ के लोकार्पण कार्यक्रम में निश्चित रूप से सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल, गोविन्द सिंघल, संजय बांकड़ा एवं विधायक गोलू शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल थे। इनके नेतृत्व में यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की भव्यता और इसके सामाजिक महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर अग्रसेन यूथ क्लब के प्रयोग गर्ग, राहुल गोयल (बंटी), अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, सचिव सौरभ गोयल (बालाजी) सहित संस्था के अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। क्लब के सदस्यों ने बताया कि यह प्रवेश द्वार न केवल नवलखा क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों की स्मृति को भी जीवंत रखेगा। प्रकाश/23 फरवरी 2026