ज़रा हटके
24-Feb-2026
...


लंदन (ईएमएस)। आजकल कुछ लोग सिंगल रहने के बजाय अलग रास्ता चुन रहे हैं खुद से शादी करने का। ऐसा ही एक प्रयास किया है ब्राजीलियन कंटेंट क्रियेटर सुलेन केयरे ने। साल 2023 में कंटेंट क्रिएटर सुलेन केयरे ने लंदन में स्वयं से विवाह किया था। अपनी इस अनोखी सेल्फ-मैरिज को लेकर वे उस समय खूब चर्चा में रहीं। अब एक साल बाद उनकी कहानी फिर सुर्खियों में है, क्योंकि उन्होंने खुद को ही तलाक दे दिया था और यह बात सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हो गई है। सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई एक पोस्ट में कैरी की पूरी कहानी को फिर से सामने लाया गया है। 2023 में उन्होंने पारंपरिक दुल्हन की तरह सफेद वेडिंग गाउन, क्राउन और समारोह के साथ स्वयं से शादी की थी। इस अनोखे फैसले ने दुनिया भर में लोगों का ध्यान खींचा था। उस समय उन्होंने कहा था कि वे आत्मनिर्भरता, आत्मसम्मान और आत्म-प्रेम को मनाने के लिए इस तरह की शादी कर रही हैं। कैरी ने खुद को प्यार करने और अपने लिए खड़े होने का संदेश देने की कोशिश की थी। लेकिन यह आत्म-विवाह ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल पाया। 2024 में कैरी ने खुद को ही तलाक देने की घोषणा कर दी। इस फैसले के पीछे उन्होंने साफ कहा कि वे अपने ही साथ लंबे समय तक कमिटेड नहीं रह सकतीं। उन्होंने अकेले ही कपल थेरेपी तक ली, लेकिन इससे भी कोई फायदा नहीं हुआ। एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि शादी के बाद उन पर लगातार एक तरह का दबाव बनने लगा था। वे अपने आप से अत्यधिक उम्मीदें रखने लगी थीं और अक्सर खुद को ही निराश कर देती थीं। अपने अपूर्णताओं को स्वीकार करना भी उनके लिए चुनौती बन गया था। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने तलाक लेने का निर्णय किया। कैरी का कहना था कि खुद से शादी करना जितना एक प्रतीकात्मक कदम था, उतना ही मुश्किल भी साबित हुआ। लोग उनकी इस शादी को लेकर पहले भी मजाक उड़ाते रहे थे और जब उन्होंने तलाक की घोषणा की, तब भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया तेज थीं। उनकी कहानी आधुनिक रिश्तों की जटिलताओं, आत्म-प्रेम के बढ़ते चलन और लोगों के मानसिक संघर्षों का एक अलग ही पहलू उजागर करती है। सुदामा/ईएमएस 24 फरवरी 2026