ज़रा हटके
24-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि संतरा और कीनू में आखिर फर्क क्या है और सेहत के लिए कौन सा फल ज्यादा उपयोगी है। पोषण विशेषज्ञ बताते हैं कि स्वाद ही दोनों को एक-दूसरे से अलग बनाता है। संतरा आमतौर पर हल्का खट्टा होता है, जबकि कीनू मीठा और बच्चों की पसंदीदा फल श्रेणी में शामिल है। कीनू की मिठास इसे स्वाद में अधिक बेहतर बनाती है, जबकि संतरा अपनी खट्टास के कारण भूख बढ़ाने और पेट की ताजगी बनाए रखने में सहायक होता है। अगर विटामिन सी की बात करें तो दोनों ही फल इसका अच्छा स्रोत हैं, लेकिन संतरा थोड़ा आगे है। 100 ग्राम संतरे में करीब 50 मिलीग्राम विटामिन सी मिलता है, जबकि कीनू में यह मात्रा लगभग 40 मिलीग्राम रहती है। इसके अलावा दोनों में पोटैशियम, फोलेट और कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो हृदय को स्वस्थ रखने और शरीर को बीमारियों से बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। कीनू में फाइबर और कैलोरी संतरे की तुलना में कम होती है, जिसके कारण यह उन लोगों के लिए बेहतर माना जाता है जो हल्का और कम कैलोरी वाला फल पसंद करते हैं। वहीं संतरा पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने और शरीर को डिटॉक्स करने में ज्यादा प्रभावी माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार कीनू अपनी मिठास की वजह से इंस्टेंट एनर्जी प्रदान करता है, जबकि संतरा शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद करता है। डाइटिशियन की मानें तो दोनों ही फलों को अपनी दिनचर्या की डाइट में शामिल करना बेहतर होता है। संतरा विटामिन सी की पूर्ति करने में थोड़ा आगे है, जबकि कीनू स्वाद और ऊर्जा देने में उत्कृष्ट विकल्प माना जाता है। रोजाना संतरा और कीनू में से किसी एक का सेवन या दोनों का बारी-बारी से शामिल करना शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है और इम्यूनिटी मजबूत बनाता है। कुल मिलाकर, संतरा और कीनू दोनों ही स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद फल हैं और इन्हें नियमित आहार में शामिल करना शरीर के लिए लाभकारी सिद्ध होता है। बता दें कि सर्दियों के मौसम में बाजार संतरा और कीनू से भरा रहता है, लेकिन देखने में बेहद समान लगने के कारण काफी लोग इनके बीच अंतर नहीं समझ पाते। दोनों ही रसदार, स्वादिष्ट और पौष्टिक फल हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माने जाते हैं। सुदामा/ईएमएस 24 फरवरी 2026