ज़रा हटके
24-Feb-2026
...


टेक्सास (ईएमएस)। बीती 11 फरवरी को टेक्सास के ईस्ट क्षेत्र में एक छोटा विमान इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान हादसे में एक दंपत्ति की मौत हो गई लेकिन उनका पालतू कुत्ता चमत्कारिक रुप से सुरक्षित बच गया। विमान दुर्घटना में फ्लोरिडा के दंपति रॉन जे. टिमरमैन और उनकी पत्नी बारबरा टिमरमैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा पालतू कुत्ता सुरक्षित निकल आया। यह घटना ब्राउनस्बोरो के पास मर्चिसन इलाके में शाम करीब 5:13 बजे हुई, जहां विमान घरों के नजदीक गिरने से आसपास का इलाका दहशत में आ गया और बिजली भी गुल हो गई। रॉन टिमरमैन पेशे से एक अत्यंत अनुभवी और सम्मानित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर थे। उन्हें 2021 में एफएए द्वारा नेशनल सर्टिफाइड फ्लाइट इंस्ट्रक्टर ऑफ द ईयर का सम्मान दिया गया था। 1998 से प्रशिक्षण दे रहे रॉन ऑरलैंडो स्थित अपनी एविएशन कंपनी ऐलेरॉन टीएलएलसी के भी संचालक थे। वे अपनी पत्नी के साथ सिंगल-इंजन बीचक्राफ्ट ए36 विमान उड़ा रहे थे और उनके साथ उनका लैप डॉग भी मौजूद था। एफएए की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान इंजन में गंभीर समस्या आ गई और विंडशील्ड पर ऑयल फैल जाने से दृश्यता लगभग समाप्त हो गई। बढ़ते खतरे को देखते हुए पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर ब्राउनस्बोरो की ओर लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन विमान पावर लाइन से टकरा गया और फिर जमीन पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गया। तेज धमाका सुनकर स्थानीय निवासी बाहर निकले तो विमान धू-धूकर जल रहा था। कपल को बचाया नहीं जा सका, लेकिन चमत्कारिक रूप से उनका कुत्ता जीवित था। पड़ोसियों में से एक ने उसे संभाला और बाद में उसे उनके परिवार के हवाले कर दिया। बताया गया कि दंपति की बेटी, जो पेशे से वेटरनेरियन हैं, अब कुत्ते की देखभाल कर रही हैं। हादसे की खबर फैलते ही एविएशन जगत शोक में डूब गया। रॉन को दोस्त और सहयोगी एक प्रेरणादायक मेंटर के रूप में याद कर रहे हैं। फ्लोरिडा एविएशन नेटवर्क ने भावुक संदेश में लिखा कि रॉन और बारबरा हमेशा के लिए “गॉन वेस्ट” हो गए हैं। एफएए और एनटीएसबी यह जांच कर रहे हैं कि विंडशील्ड पर ऑयल कैसे पहुंचा, इंजन फेल होने की वजह क्या थी और क्या तकनीकी लापरवाही इसमें बड़ी भूमिका निभा सकती है। शुरुआती रिपोर्ट में ऑयल लगी विंडशील्ड को खतरे का मुख्य कारण बताया गया है। सुदामा/ईएमएस 24 फरवरी 2026