राज्य
24-Feb-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन में सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होगी। सबसे पहले अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व विधायक दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा जाएगा और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद प्रश्नकाल होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा अपने-अपने विभागों से संबंधित विधायकों के सवालों का जवाब देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिजली विभाग में रिक्त पदों की स्थिति, जेई से एई में प्रमोशन कोटा, आईएएस, आईपीएस, आईएफएस अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों की जांच और अनुमति पर कार्यवाही, राज्य में ऊर्जाकरण एवं नवीकरण लक्ष्य की वर्तमान स्थिति, किसानों को बिजली बिल में छूट के लाभार्थियों की संख्या, कोयला रॉयल्टी चोरी की शिकायतों की जांच, मुख्यमंत्री जनदर्शन में प्राप्त, शिकायतों का निराकरण, पीएम सूर्यघर योजना के तहत पंजीकरण एवं लाभान्वितों की संख्या, बिजली विभाग के बड़े बकायादारों पर कार्यवाही संबंधी प्रश्नों के जवाब देंगे। वहीं वन मंत्री केदार कश्यप, रायपुर में सुगम यातायात के लिए प्रस्तावित नीति, इंद्रावती टाइगर रिजर्व एवं कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में किए गए कार्य, धान खरीदी एवं उठाव की स्थिति, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर में पदस्थ, कर्मचारियों-अधिकारियों की जानकारी, गृह निर्माण सहकारी समितियों के बायलॉज में संशोधन, रायपुर के नंदन वन में पुनर्निर्माण की जानकारी संबंधी प्रश्नों के जवाब देंगे। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सरकारी भूमि में अवैध कब्जे की स्थिति, प्रदेश के विश्वविद्यालयों में अनियमितताओं के दोषियों पर कार्यवाही, अवैध प्लाटिंग पर की गई कार्रवाई आदिवासियों की भूमि का गैर-आदिवासियों को हस्तांतरण/बिक्री की जानकारी, धान का उत्पादन एवं औसत उत्पादकता, प्रदेश में लंबित राजस्व प्रकरणों की संख्या महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण पर स्थिति संबंधी प्रश्नों के जवाब देंगे। दोपहर 12:30 बजे वित्त मंत्री ओपी चौधरी विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। यह विष्णुदेव साय सरकार का तीसरा बजट और नए विधानसभा भवन नया रायपुर, अटल नगर में पहला पूर्ण बजट भाषण होगा। वित्त मंत्री ने पहले ही संकेत दिए हैं कि बजट महिलाओं, युवाओं, किसानों पर फोकस के साथ नई थीम, विजन 2047 और विकास के नए रोडमैप पर आधारित होगा। पिछले आर्थिक सर्वेक्षण में GSDP में 11.57% वृद्धि का अनुमान जताया गया था, जिससे बजट में बड़े ऐलान की उम्मीद जगी है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/24 फरवरी 2026