राज्य
24-Feb-2026


सरेराह मारपीट, 3 घायल जबलपुर, (ईएमएस)। संजीवनीनगर थाना अतंर्गत लाल बिल्डिंग के पास कैसी गाड़ी चला रहे हो की बात पर दो पक्षों ने एक दूसरे के साथ गालीगलौज कर पत्थर व चाकू से हमला कर घायल कर दिया| इस वारदात में तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है| संजीवनीनगर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाषनगर मड़फैया निवासी 28 वर्षीय मोहित पटेल उर्फ भोला गत रात लगभग 9.30 बजे अपने घर से ई बैटरी वाली स्कूटी से लाल बिल्डिंग की ओर जा रहा तभी मेडिकल तरफ से दीपक बाल्मीक एवं सूरज चक्रवर्ती बुलट से आये और कैसी गाड़ी चला रहे हो कहते हुए पत्थर से सिर पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 351(3), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। वहीं दूसरे पक्ष लाल बाबा बस्ती धनवंतरीनगर निवासी 18 वर्षीय दीपक बाल्मीक उर्फ सुम्मी गत रात लगभग 9.30 बजे सूरज चक्रवर्ती के साथ बुलट मोटरसायकल क्रमांक एमपी 20 एनएक्स 4444 में बाजनामठ भैरो बाबा मंदिर में दर्शन करके वापस लाल बिल्डिंग हनुमान मंदिर तिराहा पर पहॅुचे जहां पर मोहित पटेल उर्फ भोला और उसका एक अन्य साथी तेज गाड़ी चलाकर आया और गाड़ी चलाने की बात पर जातिगत रुप से अपमानित कर मोहित ने सूरज को एक चांटा मार दिया तथा पीछे वाले लड़के ने चाकू से दीपक पर हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 296(ए), 118(1), 109(1), 351(3), 3(5), बीएनएस तथा 3, 3(2)(व्ही), 3(2)(व्हीए) एससी एसटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 24 फरवरी 2026/ 05.53