राज्य
24-Feb-2026
...


:: जाल सभागृह में गरिमामय आयोजन; स्काउट प्रशिक्षण सामग्री का हुआ विमोचन :: इंदौर (ईएमएस)। स्काउट आंदोलन के संस्थापक लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी ओलेव बेडेन के जन्मदिवस (विश्व चिंतन दिवस) के अवसर पर स्काउट रामदास केदारमल सुकृत न्यास द्वारा जाल सभागृह में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंदोलन के प्रति समर्पित वरिष्ठजनों को श्रद्धानिधि एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर अलंकृत किया गया। वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन ऑफ़ स्काउट मूवमेंट (एशिया पेसिफिक) के डायरेक्टर एस. प्रसन्ना श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल की वरिष्ठ एल.टी. गाइड श्रीमती आशा सिंह और बैतूल के वरिष्ठ स्काउटर श्रवण कुमार दवंडे का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया गया। न्यास की ओर से दोनों विभूतियों को 21-21 हजार रुपये की श्रद्धानिधि भेंट की गई। इस अवसर पर स्काउट दलों के लिए तैयार की गई विशेष प्रशिक्षण सामग्री का लोकार्पण भी हुआ। न्यास के अध्यक्ष रामदास गोयल ने स्काउटिंग को कर्तव्य, सेवा और अनुशासन का जीवंत उत्सव बताते हुए इसे वर्तमान दौर में चरित्र निर्माण के लिए अनिवार्य बताया। कार्यक्रम में स्व. रामचंद्र राहगीर और स्व. उदयभानु आमेरिया सहित अनेक दिवंगत गुरुजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संचालन ट्रस्ट के मंत्री कुणाल मिश्र ने किया और आभार रामदास गोयल ने माना। समारोह का समापन वंदे मातरम के साथ हुआ। प्रकाश/24 फरवरी 2026