:: 28 से 30 मार्च तक गांधी हॉल में सजेगा मंच; अब तक 300 उच्च शिक्षित प्रत्याशियों के आवेदन :: इंदौर (ईएमएस)। ब्रह्मलीन समाजसेवी मिश्रीलाल गोयल की स्मृति में आगामी 28 से 30 मार्च तक गांधी हॉल परिसर में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से प्रविष्टियां आने का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया है। अग्रवाल महासभा की मेजबानी में होने वाले इस नि:शुल्क आयोजन के लिए अब तक करीब 300 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। महासभा के अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल एवं समन्वयक संतोष गोयल ने बताया कि प्राप्त प्रविष्टियों में अधिकांश प्रत्याशी डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, एमबीए और सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जो नामचीन बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत हैं। पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए इस वर्ष भी 2 हजार से अधिक प्रविष्टियां आने की संभावना है, जिन्हें बहुरंगी परिचय पुस्तिका में सचित्र प्रकाशित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मातृशक्ति संगठन एवं आयोजन समिति की नियमित बैठकें जारी हैं। महासभा के महामंत्री अजय बंसल के अनुसार, बाहर से आने वाले पालकों एवं प्रत्याशियों के लिए रियायती दर पर भोजन, स्वल्पाहार एवं आवास की सुचारू व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन समिति की विभिन्न शाखाएं कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। प्रकाश/24 फरवरी 2026