क्षेत्रीय
24-Feb-2026


मुरैना ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल बोर्ड परीक्षाएँ जिले में सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में मंगलवार को आयोजित हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इंदौलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल की इस परीक्षा में कुल 29,315 परीक्षार्थियों में से 28,302 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,013 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कुल 3 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें अशासकीय शांति निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबाह में एक नकल प्रकरण पाया गया। इसके अतिरिक्त शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबाह में दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए, जिनके विरुद्ध बोर्ड के नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं तथा परीक्षा का संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।