क्षेत्रीय
24-Feb-2026


- 15 तोला सोना, 1 किलो चॉदी, 5 लाख की नगदी बटोरकर ले भागे बदमाश भोपाल(ईएमएस)। भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र से एक चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार मामला बढ़वई स्थित नाइस स्पेस कॉलोनी के जी-ब्लॉक 104 का है, यहॉ सबीहा फातिमा अपने पति शोएब के साथ रहती हैं। शोएब वन विभाग में रेंजर के पद पर पदस्थ हैं। दो दिन पहले वह सड़क हादसे में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीती सुबह उनका ऑपरेशन हुआ था, परिवार वाले हॉस्पिटल में व्यस्त थे। इसी बीच चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बना लिया। बताया गया है कि दोपहर करीब 3 बजे सबीहा फातिमा अस्पताल में पैसा जमा करने के लिए नकदी लेने घर पहुंचीं थी। यहॉ उन्हें फ्लैट का दरवाज़ा खुला नजर आया साथ ही अंदर का सामान बिखरा पड़ा था, और अलमारी के लॉकर भी टूटे पड़े थे। जानकारी के अनुसार महिला एक स्कूल संचालित करती हैं। घर में रखा नकद पैसा स्कूल के भुगतान और अस्पताल के खर्च के लिए निकाला गया था। आरोपी यहॉ से करीब 15 तोला सोना, 1 किलो चांदी और लगभग 5 लाख की नगदी लेकर फरार हुए है। घटना की जानकारी मिलते ही आला अफसर मौके पर पहुचं गये। वहीं निशातपुरा पुलिस ने आगे की जांच करते हुए आरोपियों का सुराग जुटाने के प्रयास शुरु कर दिये है। जुनेद / 24 फरवरी