राज्य
24-Feb-2026


* खेत के पास बने कुएं में गिरने से 5 वर्षीय भाई और 3 वर्षीय बहन की मौत, पूरे गांव में शोक की लहर दाहोद (ईएमएस)| जिले के गरबाडा तालुका के झरीबुजुर्ग गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत के पास बने खुले कुएं में गिरने से 5 वर्षीय भाई और 3 वर्षीय बहन की करुण मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, झरीबुजुर्ग गांव के आमली फलिया में रहने वाले मजदूर गोविंदभाई गणावा के 5 वर्षीय पुत्र रोनक और 3 वर्षीय पुत्री आराधना घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे खेत के समीप स्थित एक खुले और बिना सुरक्षा दीवार वाले कुएं में गिर गए। घटना की भनक किसी को नहीं लगी। काफी समय तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने फलिया और आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की। पूरी रात परिवार और ग्रामीण बच्चों की खोजबीन करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन दोपहर बाद 3 वर्षीय आराधना का शव कुएं में तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पानी निकालने की मशीन से कुएं का पानी खाली किया गया, जिसके बाद 5 वर्षीय रोनक का शव भी बरामद हुआ। सगे भाई-बहन की मौत से परिवार की हालत बेहद दयनीय हो गई है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। ग्रामीणों की मांग है कि खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा दीवार या अन्य सुरक्षा प्रबंध किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सतीश/24 फरवरी