राज्य
24-Feb-2026
...


:: मुक्तिधाम के लिए मिले 2 करोड़; कैंसर पीड़ित बच्ची और नागरिकों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार :: इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आज मानवीय संवेदनाओं और त्वरित न्याय का संगम देखने को मिला। कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों की समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश भी दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन और अपर कलेक्टरों सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। महूगांव स्थित मुक्तिधाम की व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस बड़ी सौगात के लिए स्थानीय प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने कलेक्टर शिवम वर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर कहा कि इस राशि से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। :: भावुक क्षण : कैंसर पीड़ित बच्ची ने कहा धन्यवाद :: जनसुनवाई का सबसे भावुक क्षण तब आया जब ब्लड कैंसर से जूझ रही एक मासूम बच्ची अपने पिता श्रीकांत प्रजापत के साथ मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने पहुंची। पिता ने बताया कि इंदौर के सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में विश्वस्तरीय इलाज के साथ-साथ बच्चों के लिए प्ले जोन और पढ़ाई की व्यवस्था भी की गई है। इस मानवीय पहल के लिए परिवार ने शासन का आभार जताया। :: त्वरित कार्रवाई के निर्देश :: - हादसे में घायल कर्मी की मदद : ड्यूटी के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए नगर निगम कर्मी किरण गर्दे के मामले में कलेक्टर ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके मुफ्त और समुचित उपचार के निर्देश दिए। - विवादों का निपटारा : जनसुनवाई में मुख्य रूप से प्लॉट, संपत्ति विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए सौंपा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को तत्काल राहत पहुंचाना है, इसमें किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकाश/24 फरवरी 2026