राज्य
24-Feb-2026
...


:: सफेद दाग और मधुमेह रोगियों को मिलेगी राहत; आधुनिक तकनीक से लैस हैं नए रिसर्च सेंटर :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंगलवार को इंदौर प्रवास के दौरान पिपल्याहाना चौराहा क्षेत्र में चिकित्सा क्षेत्र की दो नई सौगातों का लोकार्पण किया। उन्होंने महर्षि विटीलिगो रिसर्च सेंटर और महर्षि डायबिटीज एण्ड फुट केयर सेंटर का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा केंद्रों का अवलोकन कर वहां उपलब्ध आधुनिक संसाधनों की जानकारी भी ली। शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि ये दोनों केंद्र उच्च और आधुनिक तकनीक से लैस हैं। उन्होंने कहा, इंदौर जैसे चिकित्सा हब के लिए इस तरह के विशेषज्ञ केंद्रों की बड़ी आवश्यकता थी। यहाँ सफेद दाग (विटीलिगो) का संपूर्ण उपचार उपलब्ध होने के साथ-साथ मधुमेह के रोगियों के लिए पैर के अल्सर और घावों का विश्वस्तरीय इलाज संभव हो सकेगा। उन्होंने इन केंद्रों के माध्यम से मरीजों को मिलने वाली राहत को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण जुड़ाव बताया। सेंटर के संचालक और सफेद दाग विशेषज्ञ डॉ. संजय दुबे एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. अनुपमा दुबे को बधाई देते हुए उप मुख्यमंत्री ने उनके शोध कार्यों की सराहना की। डॉ. दुबे ने बताया कि इन केंद्रों की स्थापना गहन रिसर्च के बाद की गई है ताकि मरीजों को सटीक और प्रभावी उपचार मिल सके। इस गरिमामयी समारोह में भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, संजय शुक्ला सहित शहर के कई प्रतिष्ठित चिकित्सक और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। प्रकाश/24 फरवरी 2026