क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी ड्राइविंग लायसेंस बनाकर धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक रूपेश पटले उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम कंजई थाना लालबर्रा के खिलाफ धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि गर्रा निवासी विशाल बिसेन द्वारा कोतवाली थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत की थी कि रूपेश पटले नामक युवक द्वारा लोगों से धनराशि लेकर फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कर धोखाधड़ी की जा रही है। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा आवेदक सहित अन्य पीडि़त व्यक्तियों के कथन लेखबद्ध किए गए। संबंधित व्यक्तियों से प्राप्त ड्राइविंग लाइसेंसों को जिला परिवहन कार्यालय बालाघाट से सत्यापन के लिए प्रेषित किया गया। जांच के दौरान संकलित साक्ष्य, दस्तावेजों के परीक्षण एवं कथनों के आधार पर यह प्रमाणित हुआ कि आरोपी द्वारा अवैध रूप से फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कर संबंधित व्यक्तियों से धनराशि प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बालाघाट पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य शासकीय दस्तावेज केवल अधिकृत शासकीय कार्यालय से निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से ही प्राप्त करें। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति, दलाल को धनराशि देने से बचें। भानेश साकुरे / 24 फरवरी 2026