बालाघाट (ईएमएस). बालाघाट तहसील के ग्राम पंचायत खैरी निवासी 70 वर्षीय किसान गौरीशंकर मोहारे ने धान खरीदी में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधितों पर कार्यवाही और धान की राशि दिलाए जाने की मांग की है। किसान गौरीशंकर मोहारे ने बताया कि उन्होंने 7 जनवरी 2026 को धान उपार्जन केंद्र कुम्हारी (जरेरा) में कुल 552 बोरी धान तौल के लिए दी थी। लेकिन उनके खाते में केवल 511 बोरी की ही एंट्री कर भुगतान किया गया। शेष 41 बोरी धान की एंट्री दो दिन में करने का आश्वासन केंद्र के कर्मचारियों द्वारा दिया गया था, जो अब तक पूरा नहीं किया गया है। वे कई बार उपार्जन केंद्र पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ रहा है। इस लापरवाही के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है। किसान ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए शेष 41 बोरी धान की बकाया राशि दिलाने की मांग की है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जनसुनवाई में संबंधित अधिकारियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बालाघाट के महाप्रबंधक को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। भानेश साकुरे / 24 फरवरी 2026