क्षेत्रीय
24-Feb-2026


उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर से सटे म्हारल गांव में मुख्य सड़क पर ठारवानी कॉम्प्लेक्स के पास मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक डंपर चालक ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। जिससे मोटरसाइकिल सवार की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक का नाम वैभव भामरे बताया गया है जो मालेगांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय युवक जब अपनी तेज रफ्तार बाइक से डंपर को ओवरटेक कर रहा था तभी सामने से एक और बाइक आ गई और उसने ब्रेक लगाया जिससे वह सीधे उछलकर डंपर के पहिए के नीचे आ गया। यह दर्दनाक घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहां सोसायटी कॉम्प्लेक्स होने के कारण हादसों में वृद्धि हो रही है। पुलिस लगातार वाहन चालकों को गाड़ी चलाते समय ओवरटेक न करने और फोन पर बात ना करने की हिदायत देती है। लेकिन वाहन चालक पुलिस की हिदायत की अनदेखी कर रहे हैं जिसके चलते सड़क हादसों में वृद्धि देखी जा रही है। संतोष झा- २४ फरवरी/२०२६/ईएमएस