इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता की राजधानी में अब पारंपरिक परिधान के साथ पर्यावरण संरक्षण की एक नई इबारत लिखी जाएगी। आगामी 1 मार्च को साड़ी वाकथॉन 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शहर की महिलाएं अपनी सांस्कृतिक विरासत साड़ी के गौरव के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ हुंकार भरेंगी। रविवार सुबह 7:00 बजे नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होने वाली यह अनूठी वाकथॉन डेली कॉलेज से होते हुए पुनः स्टेडियम पर ही संपन्न होगी। इस पैदल यात्रा का मुख्य ध्येय प्रतिबंधित प्लास्टिक के खतरों के प्रति जागरूकता फैलाना और उनके विकल्पों को घर-घर तक पहुँचाना है। आयोजकों ने शहर की मातृशक्ति से आह्वान किया है कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनकर न केवल स्वच्छता का संदेश दें, बल्कि अन्य महिलाओं को भी इस पर्यावरण हितैषी यज्ञ में जुड़ने के लिए प्रेरित करें। प्रकाश/24 फरवरी 2026