राज्य
24-Feb-2026


:: कस्तूरबा ग्राम में महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर मंथन; बालिकाओं ने ली बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ :: इंदौर (ईएमएस)। कस्तूरबा ग्राम राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट, तेजाजी नगर में विधिक सेवा प्राधिकरण और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘शोषण मुक्त समाज-बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एडिशनल एसपी (महिला अपराध) सुश्री संध्या राय ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जागरूकता और साहस के माध्यम से ही महिलाएं सुरक्षित रह सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के लिए सजग रहने पर बल दिया। कार्यशाला में डिजिटल सुरक्षा पर प्रकाश डालते हुए सब इंस्पेक्टर श्री शिवम ठक्कर ने इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने के खतरों के प्रति आगाह किया। वहीं, बाल विवाह विरोधी उड़नदस्ता प्रभारी श्री महेंद्र पाठक ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि कम उम्र में विवाह स्वास्थ्य और शिक्षा में बड़ी बाधा है। उन्होंने अधिनियम के तहत दोषियों पर होने वाली दंडात्मक कार्रवाई से भी अवगत कराया। शौर्या दल की सदस्य संगीता सिंह ने जोर दिया कि शिक्षा ही बालिकाओं का पहला अधिकार है और उन्हें पहले आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने चाहिए। विधिक सेवा प्राधिकरण और मानवाधिकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने पोक्सो (POCSO) एक्ट, निशुल्क विधिक सहायता और आपातकालीन नंबर 112 के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। वालंटियर डॉ. छोटेलाल और हेमेंद्र शर्मा ने सीएम हेल्पलाइन एवं बाल आशीर्वाद योजना से संबंधित विधिक पहलुओं को समझाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित बालिकाओं और सेवा प्रदाताओं को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. योगेश खींची ने किया और आभार प्राचार्य प्रतिभा जोशी ने माना। प्रकाश/24 फरवरी 2026