राज्य
24-Feb-2026
...


:: स्कूल यूनिफॉर्म के आधार पर जवानों ने खोजा परिवार; एरोड्रम क्षेत्र में पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में डायल-112 के जवानों ने त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रास्ता भटकी दो मासूम बालिकाओं को उनके परिजनों से सकुशल मिलाया। यह घटना न केवल पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाती है, बल्कि संकट के समय नागरिकों के लिए डायल-112 के भरोसे को भी पुख्ता करती है। मंगलवार को एरोड्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंट्रल वेयर हाउस के सामने दो छोटी बालिकाओं के अकेले भटकने की सूचना मिलते ही पुलिस की एफआरव्ही टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। मौके पर पहुँचे डायल-112 स्टाफ सउनि कैलाश मेडा, आरक्षक पुष्पेंद्र शर्मा और पायलट अजय प्रजापति ने देखा कि दोनों बालिकाएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं और काफी डरी हुई थीं। जवानों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षा का अहसास कराया और अपने संरक्षण में लिया। बालिकाओं की यूनिफॉर्म को आधार बनाकर टीम ने तुरंत संभावित स्कूल से संपर्क साधा। स्कूल रिकॉर्ड के माध्यम से परिजनों की जानकारी मिलते ही उन्हें घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन बदहवास हालत में पुलिस चौकी पहुँचे। :: पलक झपकते ही हो गई थीं ओझल :: परिजनों ने बताया कि बालिकाओं की माता उन्हें स्कूल भेजने की तैयारी कर रही थीं। जब वे बच्चों का टिफिन लेने घर के भीतर गईं, तभी दोनों मासूम खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गईं और मुख्य सड़क पर आकर रास्ता भटक गईं। चौकी पर उचित पहचान और सत्यापन के उपरांत बालिकाओं को सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। अपने कलेजे के टुकड़ों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने नम आंखों से डायल-112 की टीम का आभार व्यक्त किया। इंदौर पुलिस के इस सराहनीय और मानवीय कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। प्रकाश/24 फरवरी 2026