राज्य
24-Feb-2026


:: 10 पोलोग्राउंड स्थित जिला रोजगार कार्यालय में लगेगा शिविर; नामी कंपनियां करेंगी साक्षात्कार :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए इंदौर जिले में संचालित युवा संगम अभियान के तहत आगामी 2 मार्च, सोमवार को एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक 10 पोलोग्राउंड स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर में आयोजित होगा। जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियां ढाई सौ से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। उप संचालक रोजगार पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि मेले में इनोफ्लेक्स, टोरस बीपीओ, तीसवा टेक्नोलॉजीज, जस्ट डायल, शेफाली बिज़नेस सोलूशन और मोज़ेक वाक्स्किल्ल जैसी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इन कंपनियों में एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, टेली-कॉलर, ऑपरेटर, टीम लीडर, बैक ऑफिस और हेल्पर जैसे पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। चयन प्रक्रिया के बाद योग्य उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन पर प्रारंभिक नियुक्ति दी जाएगी। :: ये होंगे पात्रता के मापदंड :: योग्यता : हाईस्कूल से लेकर स्नातकोत्तर (पीजी) उत्तीर्ण युवा। आईटीआई और डिप्लोमा जैसी तकनीकी योग्यता रखने वाले आवेदक भी पात्र होंगे। आयु : 18 से 40 वर्ष के बीच के युवा भाग ले सकते हैं। जरूरी दस्तावेज : आवेदकों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, बायोडाटा और आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। :: स्वरोजगार के लिए भी मार्गदर्शन :: रोजगार मेले की एक विशेष कड़ी स्वरोजगार मार्गदर्शन की भी होगी। ऐसे युवा जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उन्हें शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, ऋण प्रक्रिया और बैंक संबंधी औपचारिकताओं के बारे में विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन ने अधिक से अधिक शिक्षित युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है। प्रकाश/24 फरवरी 2026