हाथरस (ईएमएस)। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव छौंक में स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलटने के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों और पशुओं को बांधने वाली जंजीरों से हुए हमले में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार गांव ततारपुर निवासी मनोज बच्चों को ई-रिक्शा से गांव फुलई स्थित विद्यालय छोड़ने जा रहे थे। गांव छौंक में एक ट्रैक्टर चालक द्वारा अचानक ई-रिक्शा के आगे ट्रैक्टर लगाने से वाहन असंतुलित होकर पलट गया। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक और ट्रैक्टर चालक में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट में एक पक्ष से देव प्रकाश, कमल और बच्ची नेहा तथा दूसरे पक्ष से भगवान सिंह, विनीत और कृष्णा घायल हुए हैं। सभी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 24 फरवरी 2026