हाथरस (ईएमएस)।माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण संबंधी मामलों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालयों और बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था करने, थाना स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों की पंजिका तैयार करने तथा वृद्ध आश्रमों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा। जिलाधिकारी ने संचालित वृद्ध आश्रमों के नियमित निरीक्षण के निर्देश उप जिलाधिकारियों एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए। स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर वृद्धजनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। तहसीलवार दर्ज मामलों में निस्तारित और लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। लंबित मामलों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर बल दिया गया। बैठक में बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता सेवा देने, वृद्धाश्रमों में भोजन व अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों को वृद्धावस्था पेंशन और आयुष्मान योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 24 फरवरी 2026