राज्य
24-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)।महिला कल्याण विभाग द्वारा उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय रेस्क्यू टॉस्क फोर्स की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि टॉस्क फोर्स का उद्देश्य सड़कों पर मिलने वाले अनाथ, परित्यक्त या आपात स्थिति में रह रहे पुरुष, महिला एवं बच्चों का रेस्क्यू कर उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है। इसके लिए पुलिस, नगर विकास, चिकित्सा, समाज कल्याण, महिला कल्याण, श्रम एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को समन्वय से कार्य करते हुए समुचित सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रत्येक 15 दिन में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों सहित सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 24 फरवरी 2026