हाथरस (ईएमएस)।होली पर्व पर यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने चालक-परिचालकों और डिपो कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। डिपो अधिकारियों के अनुसार 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 3600 से 4500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य अधिकतम बसों का संचालन सुनिश्चित कर यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना तथा निगम की आय में वृद्धि करना है। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव रहता है। ऐसे में कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। इस योजना से कर्मचारियों में उत्साह बढ़ेगा और परिवहन सेवाएं और बेहतर होंगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 24 फरवरी 2026