रायपुर (ईएमएस)। विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट का स्वागत करते हुए कहा है कि यह बजट छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, एवं विकसित बनाने वाला बजट है। बजट में हर वर्ग को प्राथमिकता दी गई है। कृषक उन्नति योजना, महतारी वंदन योजना, नए स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल निर्माण, सड़कों का जाल, पुल पुलियों का निर्माण सब 2026-27 के बजट में रखा गया है। शहरी क्षेत्र में 250 और ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से अधिक नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण का प्रस्ताव है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री चंदेल ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज एवं 5 नालंदा लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव बजट में रखी गई है जिसका सीधा लाभ युवाओं को होगा। उन्होंने कहा कि ट्रिपलआईटी में अधोसरचना विकास हेतु 20 करोड़ का प्रावधान किया गया है वहीं नवीन सीजी आईटी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित कवर्धा, रायगढ़, जशपुर एवं जगदलपुर में सीजी आईटी सस्थानों हेतु 38 करोड रु. का प्रावधान एवं आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के अधोसंरचना उन्नयन हेतु 50 करोड का प्रावधान किया गया है। स्वामी विवेकानद उत्कृष्ट शाला योजना के लिए 100 करोड़ रु. का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के लिए 80 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही ओबीसी वर्ग के छात्रों के लिए 200 सीटर छात्रावास रायपुर में बनाने का लक्ष्य इस बजट में रखा गया है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/24 फरवरी 2026