:: कलेक्टर के निर्देश पर तीन दलों की छापेमारी; मावा, पनीर और घी की अमानक रिपोर्ट पर होगी जेल :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर में ‘शुद्ध होली-सुरक्षित इंदौर’ अभियान के तहत मिलावटखोरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की तीन टीमों ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक दबिश देकर मावा, पनीर, घी और नमकीन के कुल 15 नमूने लिए। इन नमूनों को जांच हेतु तत्काल प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रशासन की इस सक्रियता से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विगत तीन माह की जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। लैब भेजे गए नमूनों में से 18 रिपोर्ट अमानक और मिथ्याछाप पाई गई हैं। इनमें मुस्कान डेयरी, माधव के नमकीन, माँ कृपा डेयरी और सांवरिया डेयरी जैसे संस्थानों के पनीर, मावा व मिठाई के सैंपल फेल हुए हैं। विशेष रूप से अमजद पटेल के मावे और एसआरएमआई पालदा के घी को रेफरल लैब मैसूर ने भी अमानक घोषित किया है। इन सभी दोषियों के विरुद्ध अब सख्त न्यायालयीन कार्यवाही शुरू कर दी गई है। :: उपभोक्ता सुरक्षा सर्वोपरि :: कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों पर मिलावटी सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। श्रीलीला रेस्टोरेंट और जैन श्री स्वीट्स जैसे संस्थानों को स्वच्छता मानकों के लिए सख्त हिदायत दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदेहास्पद सामग्री की सूचना तुरंत दें। होली तक यह विशेष निगरानी अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि शहरवासियों को शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित हो सके। प्रकाश/24 फरवरी 2026