क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


झाबुआ (ईएमएस)जिले में शुरू हो चुके विभिन्न स्थानों पर आयोजित भगोरिया हाट बाजारों में धूमधाम तो रही, किंतु उत्सवी माहौल कहीं नजर नहीं आया। आज भगोरिया हाट का दूसरा दिन है, ओर इस तरह इस वर्ष होली पर आयोजित होने वाले भगोरिया श्रृंखला का दूसरा हाट भी आज बुधवार को अंतिम पायदान पर है। आज दूसरे दिन बुधवार 25 फरवरी को उमरकोट, माछलिया, करवड़, बोड़ायता, कल्याणपुरा, मदरानी, ढेकल एवं कंजावानी में हाट भरा जबकि मंगलवार को थांदला, पिटोल, खयडू, तारखेड़ी, बरबेट ओर अंधारवाट में भगोरिया हाट या मेला संपन्न हो गया। दो दिन के इन मेलों में भीड़ भाड़ तो अपेक्षाकृत कम रही, पर देर शाम तक बड़ी धूमधाम रही, ओर इसके केंद्र में विभिन्न राजनीतिक दल ही रहे। भगोरिया को लेकर प्रशासन काफी मुस्तैद था,ओर पुलिस द्वारा भी व्यापक रूप से सुरक्षा इंतजामात किए गए थे। थांदला सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित भगोरिया हाट में राजनीतिक दलों के समर्थकों ने अपने अपने दलों के झंडे लहराते हुए जुलूस निकाला, ओर शक्ति प्रदर्शन का प्रयास किया। थांदला भगोरिया हाट में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सहित जय आदिवासी युवा संगठन ने भी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ढोल, मांदल बजाते हुए जुलूस निकाले, इन जलसों में बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों ने भाग लिया, ओर केवल यही नहीं बल्कि भगोरिया की मस्ती में इस बार प्रशासन भी रंगा नजर आया। भगोरिया हाट में व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले अनुविभागीय दंडाधिकारी थांदला, महेश मंडलोई भी उत्सवी माहौल में अपने आपको नहीं रोक पाए, ओर हाट में नृत्य रत लोगों के साथ खुशियां साझा करते हुए ढोल बजाने लगे, ऐसे में वहां मौजूद लोगों ने एसडीएम का अभिनंदन किया। ईएमएस/ डॉ. उमेश चन्द्र शर्मा /25/2/2026