ज़रा हटके
26-Feb-2026
...


रोम (ईएमएस)। इटली के सिसिली द्वीप में एक व्यक्ति ने नगरपालिका के कूड़ा निस्तारण नियमों और टैक्स से बचने के लिए अपने ही पालतू कुत्ते का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इस मामले ने स्थानीय प्रशासन से लेकर सोशल मीडिया तक सभी को हैरान कर दिया है। यह घटना कटानिया शहर के पास की है, जहां सीसीटीवी फुटेज में एक कुत्ता अपने दांतों में कचरे से भरा बड़ा प्लास्टिक बैग दबाए सड़क पर चलता दिखा। वह बड़ी सावधानी से सड़क किनारे रुकता है और बैग को वहीं छोड़कर आगे बढ़ जाता है। शुरुआत में इसकी चतुराई देखकर सभी हैरान रह गए, लेकिन जांच में सामने आया कि यह कुत्ता रोजाना ऐसा इसलिए कर रहा था क्योंकि उसके मालिक ने उसे ऐसा करने के लिए ट्रेन किया था। स्थानीय नगरपालिका ने जब यह वीडियो देखा, तो इस हरकत ने अधिकारियों को चौंका दिया। प्रशासन ने गुरुवार को फुटेज जारी करते हुए कहा कि रचनात्मकता को कभी भी असभ्यता और नियमों के उल्लंघन का बहाना नहीं बनाया जा सकता। नगर पुलिस की पर्यावरण इकाई द्वारा रिकॉर्ड किए गए दो वीडियो में साफ दिखा कि कुत्ते को जानबूझकर कूड़ा फेंकने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रशासन ने इसे दोहरा अपराध बताते हुए कहा कि इससे शहर की सफाई व्यवस्था को नुकसान पहुंचता है और साथ ही एक मासूम जानवर को गलत काम के लिए मजबूर किया जाता है। जांच में संबंधित व्यक्ति की पहचान कर ली गई और उस पर जुर्माना भी लगाया गया, हालांकि उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। इस घटना के पीछे एक बड़ी समस्या भी उजागर होती है। इटली के दक्षिणी क्षेत्रों और आइलैंड्स में कचरा संग्रहण व्यवस्था लंबे समय से कमजोर रही है, जहां कभी-कभी केवल 57 प्रतिशत ही कचरा उठ पाता है। परिणामस्वरूप, कूड़े के ढेर कई दिनों तक डंपस्टर और कूड़ेदानों में पड़े रहते हैं। गार्डिया दी फिनांज़ा की रिपोर्ट के अनुसार, इटली में हर वर्ष करीब दस हजार कचरे से जुड़े अपराध दर्ज किए जाते हैं, जिनमें अवैध डंपिंग, कूड़ा जलाना और जमीन में दबाना शामिल है। यहां अवैध तरीके से कचरा फेंकने पर 1,500 यूरो से लेकर 18,000 यूरो तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है और गंभीर मामलों में आपराधिक कार्रवाई भी हो सकती है। सुदामा/ईएमएस 26 फरवरी 2026