व्यापार
26-Feb-2026
...


- सेंसेक्स 200 अंक चढ़ा; निफ्टी 25500 के ऊपर मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में निवेशकों का रुख सतर्क लेकिन सकारात्मक दिखाई दिया। आईटी शेयरों में खरीदारी और दिग्गज कंपनी ‎रिलायंस इंडस्ट्रीज में आई तेजी ने बाजार को सहारा दिया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 82,418 के स्तर पर खुला। खुलते ही इसमें तेजी आई और यह 82,579 अंक तक पहुंच गया। हालांकि बाद में इसमें हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह 9:22 बजे सेंसेक्स 25.06 अंक की बढ़त के साथ 82,301 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह ‎निफ्टी 50 ने भी मजबूती के साथ 25,556 के स्तर पर शुरुआत की। शुरुआती मिनटों में यह 30.15 अंक की बढ़त लेकर 25,512.65 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बावजूद निवेशक फिलहाल सावधानी बरत रहे हैं। बीच-बीच में मुनाफावसूली भी देखी जा रही है, जिससे बढ़त सीमित बनी हुई है। किसी नए मजबूत घरेलू या वैश्विक ट्रिगर के अभाव में बाजार सीमित दायरे में कारोबार कर सकता है। फिलहाल आईटी और चुनिंदा भारी भरकम शेयरों में खरीदारी का रुख बाजार को संभाले हुए है। आने वाले सत्रों में वैश्विक घटनाक्रम, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और घरेलू आर्थिक संकेतक बाजार की दिशा तय करेंगे। प्राइमरी मार्केट में भी आज गतिविधि तेज रहने की उम्मीद है। ओमनीटेक इंजीनियरिंग का आईपीओ आज दूसरे दिन के लिए खुला है, जबकि पीएनजीएस रेवा डायमंड ज्वेलरी का आईपीओ आज अंतिम दिन है। इसके अलावा क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस और श्री राम ट्विस्टेक के आईपीओ के शेयरों के आवंटन की घोषणा आज हो सकती है। एसएमई श्रेणी में स्ट्राइडर्स इम्पेक्स का आईपीओ आज खुलेगा। वहीं एकॉर्ड ट्रांसफॉर्मर एंड स्विचगियर, मोबिलाइज ऐप लैब और कियासा रिटेल के आईपीओ के शेयरों का आवंटन भी आज तय होगा। सतीश मोरे/26फरवरी ---