नई दिल्ली (ईएमएस)। हिमाचल पुलिस और दिल्ली पुलिस के जवान इस समय आमने-सामने हैं। मामला तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का है। शिमला में दिल्ली पुलिस की टीम को रोक लिया गया है। इन पर अपहरण की एफआईआर दर्ज की गई है। एआई समिट में शर्टलेस होकर प्रदर्शन करने वाले तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस में तकरार बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर शिमला में दिल्ली पुलिस के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। ये एफआईआर तीनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अपहरण के आरोप में दर्ज की गई है। यही नहीं हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को शिमला के शोघी बैरियर पर रोक लिया है और जांच में सहयोग करने के लिए कहा है। इससे दिल्ली पुलिस के अधिकारी खफा हो गए हैं। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच जमकर बहसबाजी हो रही है। बुधवार देर रात तक भी माहौल शांत होता नहीं दिखा पूरा मामला दिल्ली में आयोजित एक एआई समिट से जुड़ा है। इस समिट के दौरान तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर प्रदर्शन किया था। बताया जा रहा कि प्रदर्शन के बाद ये तीनों कार्यकर्ता शिमला जिले के रोहड़ू इलाके में चले गए और एक स्थानीय होटल में ठहरे हुए थे। दिल्ली पुलिस को इनकी लोकेशन का पता चला और एक टीम रोहड़ू पहुंची। वहां से तीनों को गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन बुधवार सुबह करीब 9 बजे रास्ते में ही दिल्ली पुलिस को रोक लिया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/फरवरी/2026