26-Feb-2026
...


भारत में भी पीएम मोदी शीर्ष पर, योगी दूसरे नंबर पर नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक नया कीर्तिमान बना लिया है। वे दुनिया के पहले इसतरह के नेता बन गए हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। ये उपलब्धि हाल ही में हासिल हुई, जब पीएम मोदी के इजरायल दौरे के लिए रवाना हुए। ये न सिर्फ राजनीति बल्कि डिजिटल दुनिया में भी एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है। बात दें कि पीएम मोदी 2014 से इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं और उनका अकाउंट बीते 10 सालों में विश्व नेताओं के बीच सबसे ज्यादा इंगेजिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक बन चुका है। उनके फॉलोअर्स की संख्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दोगुनी हो गई है। ट्रंप के पास करीब 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इतना ही नहीं, दुनिया के अगले पांच बड़े नेताओं के कुल फॉलोअर्स मिलाकर भी पीएम मोदी के निजी अकाउंट से कम हैं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के पास 15 मिलियन, ब्राजील के राष्ट्रपति के पास 14.4 मिलियन, तुर्किये के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन के पास 11.6 मिलियन और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के पास 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। ये आंकड़े साफ जाहिर करते हैं कि पीएम मोदी की ग्लोबल अपील कितनी मजबूत है, खासकर युवाओं के बीच उनका एक अलग ही क्रेज है। इतना ही नहीं भारत में भी पीएम मोदी का दबदबा साफ दिखाता है। यहां उनके और दूसरे नेताओं के फॉलोअर्स में बहुत बड़ा फर्क है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूसरे नंबर पर हैं, जिनके 16.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तीसरे स्थान पर हैं, उनके पास करीब 12.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। ये सिर्फ इंस्टाग्राम की बात नहीं है। पीएम मोदी की लोकप्रियता का अंदाजा उनके अप्रूवल रेटिंग से मिलता है। दिसंबर 2025 के डेटा के मुताबिक, चुनिंदा विश्व नेताओं में पीएम मोदी का अप्रूवल रेट 70 प्रतिशत है, जो सबसे ऊपर है। जापान की प्रधानमंत्री साने तकाइची दूसरे नंबर पर 63 प्रतिशत के साथ हैं और अर्जेंटीना के मिलेई तीसरे पर 60 प्रतिशत के साथ और दुनिया को टैरिफ से धमकाने वाले ट्रंप 11वें स्थान पर हैं, उनका रेट 43 प्रतिशत है। एक अमेरिकी बिजनेस इंटेलिजेंस फर्म के 2 से 8 फरवरी 2026 तक के डेटा में भी पीएम मोदी 67 प्रतिशत अप्रूवल रेट के साथ पहले स्थान पर हैं। चेक रिपब्लिक के आंद्रेज बाबिस 59 प्रतिशत के साथ दूसरे पर हैं। जापान की तकाइची 5वें पर 56 प्रतिशत, जबकि ट्रंप 11वें स्थान पर 40 प्रतिशत के साथ बना हुए है। आशीष दुबे / 26 फरवरी 2026