- पत्नी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज जबलपुर, (ईएमएस)। थाना गोरखपुर की चौकी रामपुर क्षेत्र में 7 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। इस मामले में विवेचना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का मामला दर्ज कर लिया है| रामपुर पुलिस चौकी से प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्रांश स्कूल के पास रामपुर के पास निवासी दीपक कुमार वर्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामलें की जांच शुरू की। इस दौरान परिजनों के बयान सामने आए कि दीपक वर्मा की पत्नी श्रीमती रश्मि कनौजिया के विवाह के बाद भी अन्य पुरुष से संबंध होने को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दीपक द्वारा विरोध किए जाने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। बताया गया कि बीते करीब एक वर्ष से दीपक तनाव में था और पत्नी द्वारा कथित रूप से “जो करना है करो, जाकर मर जाओ” जैसे शब्द कहे जाते थे। घटना से पहले दीपक ने व्हाट्सएप चैट के माध्यम से संदेश लिखा कि “मुझे तुम्हारी वजह से मरना पड़ा, लेकिन मैं तुम्हारा नाम लिखकर नहीं जा रहा हूं।” इसके बाद उसने घर के कमरे में पंखे से चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी श्रीमती रश्मि के खिलाफ धारा 108 बीएनएसएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 26 फरवरी 2026