देवरी/सागर (ईएमएस)। म.प्र. शासन उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवरी में 25 फरवरी बुधवार को मानसिक स्वास्थ्य एवं छात्र कल्याण विषय के अंतर्गत आत्महत्या रोकथाम और चेतावनी संकेतों की पहचान थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार द्वारा जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विभिन्न जिलों में आत्महत्या रोकथाम परामर्श और जीवन कौशल प्रशिक्षण आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही, मानसिक स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने के लिए भी भरपूर प्रयास हो रहे हैं। कार्यक्रम प्रभारी अमन वर्मा ने कहा कि जिंदगी में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है। जिस तरह रात के बाद सुबह निश्चित है उसी तरह संकट का समाधान भी निश्चित है। याद रखिए आत्महत्या समस्याओं का समाधान नहीं है बल्कि संभावनाओं का अंत है। आइए आज हम संकल्प लें कि हम अपने आस-पास के लोगों के प्रति अधिक संवेदनशील बनेंगे और एक ऐसे समाज का निर्माण करेंगे जहां कोई अकेला महसूस न करें। इसी प्रकार डॉ. मनीषा पाण्डे, डॉ. लक्ष्मी प्रसाद अहिरवार, डॉ. आनंद भट्ट, राजेश गिरवाल, चंदन सिंह अहिरवार एवं विनोद सोनी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। निखिल सोधिया/ईएमएस/26/02/2026