क्षेत्रीय
26-Feb-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरिशंकरपुरम स्थित साइन नगर फेज-2 12वीं कक्षा के छात्र ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्र मैथ और केमिस्ट्री का पेपर बिगड़ने से डिप्रेशन में था। मृतक छात्र की पहचान उत्कर्ष उर्फ कृष्णा गुप्ता (20) पुत्र राजीव गुप्ता के रूप में हुई है। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को बरुआ सागर ले गए हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन ने बताया कि उत्कर्ष बुधवार रात माता-पिता के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो पिता राजीव गुप्ता उसे देखने पहुंचे। कमरे में न मिलने पर उन्होंने छत पर जाकर देखा। इस दौरान छत से नीचे झांकने पर उत्कर्ष घर के नीचे मृत हालत में पड़ा था। पिता ने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार , उत्कर्ष पिछले वर्ष 12वीं कक्षा में गणित और रसायन विज्ञान विषय में कम अंक आने से परेशान था। इस वर्ष उसने दोबारा इन विषयों की परीक्षा दी थी। इस बार भी पेपर ठीक न होने की आशंका थी। वह रिजल्ट को लेकर टेंशन में था। फेल होने का डर सता रहा था। उत्कर्ष मूल रूप से बरुआ सागर का रहने वाला था। उसके पिता राजीव गुप्ता पिछले 20 साल से ग्वालियर में प्रमोद चौहान के मकान में किराए पर रह रहे हैं और दाल बाजार में आड़त का काम करते हैं। उत्कर्ष की एक बड़ी बहन है जो नोएडा में नौकरी करती है। उत्कर्ष अपने माता-पिता के साथ ग्वालियर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है |