गांधीनगर (ईएमएस)| आचार्य देवव्रत की अध्यक्षता में 27 फरवरी 2026 को गुजरात विधानसभा में ‘प्राकृतिक कृषि परिसंवाद’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल प्राकृतिक कृषि के महत्व और उसके व्यापक प्रभाव पर विशेष संबोधन देंगे। इस अवसर पर शंकर चौधरी, भूपेन्द्र पटेल तथा हर्षभाई संघवी सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विधायकों के साथ-साथ पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, विभिन्न विभागों के सचिव, किसान संगठनों के प्रतिनिधि, कवि, लेखक, कलाकार, पत्रकार और प्रबुद्ध नागरिक भी भाग लेंगे। परिसंवाद का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और किसानों को रासायनिक मुक्त, पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों की ओर प्रेरित करना है। राज्यपाल अपने संबोधन में प्राकृतिक कृषि की आवश्यकता, उसके लाभ और राज्य में इसके विस्तार की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम के साथ ही विधानसभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर प्राकृतिक कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में जैविक और प्राकृतिक तरीके से उगाए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे उपस्थित जनों को प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हो सके। यह आयोजन प्राकृतिक कृषि को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सतीश/26 फरवरी