- सेंसेक्स 250 अंक गिरा, निफ्टी 25400 के नीचे मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जहां आईटी शेयरों में खरीदारी रही, लेकिन अन्य प्रमुख सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। भारीभरकम शेयरों में कमजोरी ने भी बाजार की चाल को प्रभावित किया। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 82,246 अंक पर लगभग सपाट खुला, लेकिन खुलते ही दबाव में आ गया। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 237.94 अंक की बढ़त के साथ 82,010.67 पर कारोबार करता दिखा, जो शुरुआती उतार-चढ़ाव को दर्शाता है। वहीं निफ्टी 50 25,459 पर खुला और सुबह 111 अंक की गिरावट के साथ 25,385 पर ट्रेड करता नजर आया। वहीं पिछले दिन गुरुवार को सेंसेक्स 27.46 अंक गिरकर 82,248.61अंक पर बंद हुआ था, जबकि 50 शेयरों वाला निफ्टी 14.05 अंक बढ़कर 25,496.55 अंक पर बंद हुआ था। बाजार पर दबाव की एक बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है। ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर हालिया वार्ता बेनतीजा रही, जिससे पश्चिम एशिया में संभावित सैन्य टकराव की आशंका बढ़ गई है। इस अनिश्चित माहौल में निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं और बीच-बीच में मुनाफावसूली कर रहे हैं। इंडेक्स पर रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों में कमजोरी का नकारात्मक असर पड़ा। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू स्तर पर किसी मजबूत सकारात्मक संकेत के अभाव में निकट अवधि में बाजार सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव दिखा सकता है। आज प्राइमरी मार्केट में भी हलचल रहेगी। गॉडियम आईवीएफ एंड वूमन हेल्थ कंपनी के शेयर आज बाजार में लिस्ट होंगे। ओम्निटेक इंजीनियरिंग का आईपीओ आज बंद होगा। पीएनजीएस रेव्हा डायमंड ज्वेलरी आईपीओ के शेयरों का आवंटन आज तय हो सकता है। एसएमई सेगमेंट में एसीटेक ई-कॉमर्स का आईपीओ आज खुल रहा है। स्ट्राइडर्स इम्पेक्स का आईपीओ दूसरे दिन में है। याप डिजिटल का आईपीओ आज आखिरी दिन में प्रवेश करेगा। सतीश मोरे/27फरवरी ---