सेंसेक्स 961, निफ्टी 317 अंक गिरा निवेशकों को पांच लाख करोड़ का नुकसान मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। सप्ताह के अंतिम कारेाबार दिन बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अंत में 961.42 अंक टूटकर 81,287.19 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 317.90 अंक फिसलकर 25,178.65 पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान रियल्टी और ऑटो शेयर गिरे। निफ्टी रियल्टी 2.26 फीसदी और निफ्टी ऑटो 1.86 फीसदी नीचे आये। निफ्टी एफएमसीजी 1.69 फीसदी, निफ्टी मेटल 1.67 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.55 फीसदी, निफ्टी फार्मा 1.50 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी तरफ निफ्टी आईटी 0.16 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.17 फीसदी और निफ्टी मीडिया 0.60 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बिकवाली दर्ज की गयी। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 682.55 अंक टूटकर साथ 59,115.60 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 188.75 अंक फिसलकर 16,928.90 पर था। इस गिरावट से निवेशकों को पांच लाख करोड़ का नुकसान हुआ है। सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, ट्रेंट, इन्फोसिस भी लाभ में रहे थे। वहीं सन फार्मा, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, इंडिगो, एमएंडएम, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर गिरे हैं। आज आई गिरावट का कारण विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली एफआईआई ने 3,465.99 करोड़ रुपए के इक्विटी की बिक्री की थी। इसके अलावा ईरान-अमेरिका के बीच कोई डील न होना, डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट और वैश्विक बाजार से कमजोर संकेत शामिल थे। इससे पहले आज सुबह बाजार की गिरावट के साथ शुरुआत हुई। सेंसेक्स 82,246 अंक पर लगभग सपाट खुला। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 237.94 अंक की बढ़त के साथ 82,010.67 पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 14.05 अंक बढ़कर 25,496.55 अंक पर बंद हुआ था। बाजार पर दबाव की एक बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है। ईएमएस 27 फरवरी 2026