क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


- फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुआ फ्रॉड, सरकंडा पुलिस ने दर्ज किया अपराध बिलासपुर (ईएमएस)। सरकंडा के अशोकनगर खमतराई निवासी एक निजी वित्तीय कंपनी के कर्मचारी के खाते से महज 20 मिनट के भीतर 2 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अशोकनगर खमतराई निवासी राजाराम साहू ने बताया कि वे नारायण प्लाजा स्थित आईडीएफसी मनीबॉक्स मनी कंपनी में लोन विभाग में कार्यरत हैं। 14 जनवरी को उनके दोस्त कामता प्रसाद कश्यप ने अपने लोन को क्लोज करने के लिए 2 लाख रुपये नगद उनके इंडसइंड बैंक सरकंडा ब्रांच के सेविंग अकाउंट में जमा किए। उस समय वे लंच पर थे। करीब 20 मिनट बाद जब उन्होंने राशि को लोन खाते में ट्रांसफर करने के लिए चेक किया तो पता चला कि खाते से 1 लाख 98 हजार रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट के नाम पर डेबिट हो चुके हैं। बिना क्रेडिट कार्ड के हुआ ट्रांजेक्शन पीडि़त का कहना है कि उन्होंने कभी कोई क्रेडिट कार्ड बनवाया ही नहीं। इसके बावजूद 1,98,000 रुपये क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट के जरिए ट्रांसफर हो गए। वहीं 2 हजार रुपए किसी आकाश कुमार के नाम से बिना जानकारी के ट्रांजेक्शन हुआ। इस प्रकार कुल 2 लाख रुपये की राशि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निकाल ली गई। साइबर सेल में भी की शिकायत घटना के बाद पीडि़त ने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंक से जानकारी मंगाई गई और संबंधित मोबाइल नंबरों का विवरण साइबर सेल को भेजा गया। संपूर्ण जांच में 2 लाख रुपये की ठगी होना पाया गया। सरकंडा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर इसे जांच में लिया है। मनोज राज 27 फरवरी 2026