नवी मुंबई, (ईएमएस)। नवी मुंबई के खारघर में रहने वाली एक 54 साल की महिला को महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) के अधिकारी बनकर साइबर जालसाजों ने गैस बिल स्कैम में 4.6 लाख रुपये ठग लिए। इस संदर्भ में उन्होंने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित को 18 फरवरी को एक वॉट्सऐप मैसेज मिला जिसमें एमजीएल से होने का दावा किया गया था, जिसमें कहा गया था कि उनका गैस बिल अपडेट नहीं हुआ है और उनके घर की पीएनजी सप्लाई दो घंटे बाद काट दी जाएगी। मैसेज में देवेश जोशी का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था, जिनसे समस्या ठीक करने के लिए उनसे संपर्क करने के लिए कहा गया था। महिला ने उस मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उस व्यक्ति ने दावा किया कि वह एमजीएल में एक वरिष्ठ अधिकारी है। जब महिला ने उसे बताया कि उनका गैस बिल पेमेंट अपडेट हो गया है, तो उसने महिला से अपने अपडेटेड पेमेंट का स्क्रीनशॉट भेजने के लिए कहा और डिटेल्स भेजने के लिए एक एपीके फ़ाइल लिंक भेजा। जब वह डिटेल्स अपलोड कर रही थी, तो जालसाज ने उनका मोबाइल हैक कर लिया और उनका मोबाइल डेटा एक्सेस कर लिया। और फिर महिला के बैंक अकाउंट से पैसे डेबिट कर लिए। जब उन्हें अपने बैंक अकाउंट से पैसे डेबिट होने के बारे में कई बैंक अलर्ट मिले, तो उन्होंने अपने बैंक से पूछा, जहां उन्हें बताया गया कि उन्हें साइबर फ्रॉड करने वालों ने टारगेट किया है। पिछले सितंबर में एक और मामले में, कोपरखैरने के एक 71 साल के वृद्ध व्यक्ति ने इसी तरह के एमजीएल बिल पेमेंट फ्रॉड में 12 लाख रुपये गंवा दिए थे। उन्हें एक अज्ञात शख्स से मैसेज मिला जिसमें उन्हें चेतावनी दी गई थी कि उनकी पिछली पेमेंट अपडेट न होने की वजह से उनकी पीएनजी सप्लाई काट दी जाएगी। संजय/संतोष झा- २७ फरवरी/२०२६/ईएमएस