लंदन,(ईएमएस)। ब्रिटेन के कई शहर में ग्रूमिंग गैंग ने जड़ें फैला रखी हैं और आए दिन लड़कियों के खिलाफ अपराधों को अंजाम दिया जाता है। यहां पर अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि हाल ही में लंदन में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट हो गई है। इस लूट-पाट का वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि अपराधी बिना किसी डर के बाइक से आते हैं और थैला लेकर दुकान में घुस जाते हैं और फिर तोड़-फोड़ शुरू कर देते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लंदन के एक व्यस्त बाजार में, जहां लोग खरीदारी कर रहे थे, वहां अचानक बाइक सवार बदमाश हाथ में बड़े-बड़े छुरे लहराते हुए एक तुर्की दुकान में घुसे। यह दुकान गोल्ड-प्लेटेड सामानों के लिए मशहूर है। बदमाशों ने जिस बेखौफ अंदाज में दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया। ये बदमाश अपने साथ हथियार और झोले लेकर आए थे। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है बदमाशों ने दुकान में घुसते ही पहले कांच तोड़ना शुरू कर दिया और फिर जल्दी-जल्दी ज्वेलरी झोले में भरने लगे। इन लुटेरों को देखकर कई राहगीरों ने उन्हें भगाने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें डरा दिया। इन बदमाशों ने दुकान के कीमती गोल्ड-प्लेटेड सामानों पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। इस घटना में जहां एक तरफ राहगीरों की बहादुरी की तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि लूट-पाट की घटनाएं लंदन के कुछ इलाकों में आम बात हो गई है। सिराज/ईएमएस 27फरवरी26