मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्वकप के अपने दूसरे ही सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी जीत के साथ ही सेमीफाइनल की संभावनाएं बनाये रखने के साथ ही एक नया रिकार्ड भी अपने नाम किया है। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए। इस मैच में भारतीय टीम के 6 बल्लेबाज उतरे और सभी ने 20 से ज्यादा रन बनाए और इस दौरान सबका स्ट्राइक रेट 150 से ऊपर का रहा। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहला अवसर है, जब किसी टीम के 6 बल्लेबाजों ने 20 से ज्यादा रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 150 से अधिक रहा। साल 2007 में टी20 विश्वकप शुरु होने से इससे पहले कभी ऐसा देखने को नहीं मिला। इस मैच में टॉस जीतने के बाद अभिषेक शर्मा के साथ पारी शुरु करते हुए संजू सैमसन ने तेजी से 15 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गए। उनका स्ट्राइक रेट 160 का रहा। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के बीच दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। ईशान 158.33 के स्ट्राइक रेट से 38 रन बनाकर पेवेलियन लौटे जबकि अभिषेक ने 183.33 के स्ट्राइक से 50 रन बनाये। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 13 गेंदों में 33 रन बना दिए। उनका स्ट्राइक रेट 253 का रहा। वहीं हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में तेजी से खेलते हुए टीम को 250 रन के पार पहुंचा दिया। हार्दिक ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 217 का रहा. वहीं तिलक ने 16 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाये और उनका स्ट्राइक रेट भी 150 से अधिक रहा। ईएमएस 27 फरवरी 2026