जबलपुर, (ईएमएस)। छावनी परिषद (कैंट) क्षेत्र के व्यापारियों और जन प्रतिनिधियों ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर दुकानों के किराए में 500 प्रतिशत की वृद्धि पर कड़ा विरोध जताया। केंट बोर्ड के जनप्रतिनिधि अमरचंद बावरिया के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में दुकानों के किराए में की गई बेतहाशा वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की गई है। व्यापारियों ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि दुकानों के किराए में 500 प्रतिशत की वृद्धि पूर्णतः अव्यवहारिक है। नियमानुसार हर तीन वर्ष में केवल 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है, जिसका पालन किया जाना चाहिए। इसके साथ ही, संपत्तियों की रजिस्ट्री के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) न मिलने से भी लोग परेशान हैं। इस अवसर पर अमरचंद बावरिया, पार्षद श्रीमती किरण लखन ठाकुर, पार्षद श्रीमती कविता अमरचंद बावरिया, कैंट ब्लॉक पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र पिल्ले, रितेश तिवारी, जब्बार खान, श्रीमती मीना देशमुख, श्रीमती कंचन डेविड, श्रीमती पिंकी, श्रीमती रीना और श्रीमती लियो एलायसिस सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे। सुनील साहू / मोनिका/ 27 फरवरी 2026/ 06.56