27-Feb-2026
...


:: राजवाड़ा पर दीप जलाकर लिया सेवा का संकल्प; आज पितृ पर्वत पर ब्रेल लिपि में होगा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ :: इंदौर (ईएमएस)। विश्व एनजीओ दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के अंतर्गत मध्य प्रदेश एनजीओ महासंघ ने सेवा और समर्पण की नई इबारत लिखी है। महासंघ के तत्वावधान में शुक्रवार को इंदौर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ 277 स्थानों पर विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में हजारों नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया गया। शुक्रवार शाम को राजवाड़ा स्थित देवी अहिल्या प्रतिमा के सम्मुख महासंघ के सैकड़ों वॉलंटियर्स ने एकत्रित होकर दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर लोकमाता अहिल्याबाई होलकर को नमन करते हुए सभी स्वयंसेवी संस्थाओं ने सामाजिक प्रकल्पों को अनवरत जारी रखने का संकल्प लिया। महासंघ के संरक्षक और पूर्व राज्य मंत्री दर्जा पं. योगेंद्र महंत ने बताया कि यह आयोजन समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक मदद पहुँचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। दीप प्रज्वलन के दौरान संत-महात्माओं सहित अध्यक्ष संतोष मीणा और फाउंडर शशि सातपुते भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य शिविरों की सफलता में इंडेक्स मेडिकल कॉलेज, अरबिंदो इंस्टीट्यूट और एपीजे अब्दुल कलाम मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों के डॉक्टरों की टीम का विशेष योगदान रहा। साथ ही वैष्णव विद्यापीठ और शिवाजी राव कदम कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी वॉलंटियर के रूप में अपनी सेवाएं दीं। विधायक रमेश मेंदोला सहित कई जनप्रतिनिधियों ने इन शिविरों का अवलोकन कर उत्साहवर्धन किया। :: आज बनेगा एक और अनोखा रिकॉर्ड :: महासंघ के प्रदेश सचिव सीए श्रेयांश जैन ने बताया कि सेवा सप्ताह के अगले चरण में शनिवार शाम 5 बजे पितृ पर्वत पर एक विशेष और भावुक आयोजन होगा। यहाँ सैकड़ों दृष्टिबाधित साथी ब्रेल लिपि के माध्यम से सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बसों की व्यवस्था की गई है। महासंघ के वॉलंटियर्स इस आयोजन को सुचारू बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रकाश/27 फरवरी 2026