27-Feb-2026
...


:: व्यापारियों और रहवासियों के साथ साझा रणनीति; नो-पार्किंग मुक्त सड़कों के लिए बनाया रोडमैप :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब जनभागीदारी का मॉडल अपनाया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने ग्रेटर कैलाश रोड से आनंद बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और रहवासियों के साथ विशेष बैठक की। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर बढ़ते दबाव को कम करना और नो-पार्किंग क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाना रहा। बैठक के दौरान डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसहयोग के बिना सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना संभव नहीं है। उन्होंने राजवाड़ा और जेल रोड का उदाहरण देते हुए बताया कि व्यापारियों की सक्रियता से वहाँ के आवागमन में बड़ा सुधार आया है। चर्चा में यह बात सामने आई कि ग्रेटर कैलाश मार्ग पर कई स्थानों पर वाहनों की दो-तीन कतारें लगने से व्यापारिक गतिविधियाँ और आम यातायात, दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। :: व्यापारियों ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा :: प्रशासन की इस पहल पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए व्यापारी संगठनों और स्थानीय रहवासियों ने पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उपस्थित नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे अपने सोशल मीडिया ग्रुप्स और व्यक्तिगत माध्यमों से लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने हेतु प्रेरित करेंगे। यातायात पुलिस ने भी आश्वस्त किया कि भविष्य में इसी तरह के निरंतर संवाद और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से इंदौर की सड़कों को अधिक सुगम और जाम-मुक्त बनाया जाएगा। प्रकाश/27 फरवरी 2026