इन्दौर (ईएमएस) यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने समाजजनों के साथ इंदौर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर ज्ञापन सौंपा और फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक की मांग की। इस दौरान समाजजनों ने चेतावनी दी यदि फिल्म रिलीज हुई तो सिनेमाघरों में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि फिल्म की कहानी में यादव समाज की महिला और मुस्लिम युवक के बीच प्रेम प्रसंग दर्शाया गया है, जो आपत्तिजनक है। इस तरह की प्रस्तुति से समाज की भावना आहत हो रही हैं और शहर में असंतोष की स्थिति बन सकती है। प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि कानून व्यवस्था के लिए फिल्म के प्रदर्शन पर रोक के लिए आदेश जारी किया जाए। इस अवसर पर नारायणी सेवा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र यादव ने कहा कि फिल्म को लेकर समाज में व्यापक आक्रोश है। फिल्म सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई तो उसका तीव्र विरोध किया जाएगा। समाज के कुछ लोगों ने सिनेमाघरों में आगजनी और बवाल की चेतावनी भी दी है। प्रशासन ने ऐसे बयानों पर कड़ी नजर रखने की बात कही है। राजेंद्र यादव ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जाति और धर्म आधारित फिल्मों को सेंसर बोर्ड द्वारा अनुमति देने से पहले विशेष सावधानी बरती जाए। आनंद पुरोहित/ 27 फरवरी 2026