राज्य
27-Feb-2026
...


(जबलपुर) शांति सद्भाव और भाईचारे से मनायें सभी त्यौहार (27पीआर42जीडब्ल्यू) जबलपुर, (ईएमएस)। होली, ईद नवरात्र, रामनवमी और महावीर जयंती सहित आने वाले सभी त्यौहारों को शहर की गौरवशाली परंपरा के अनुसार शांति, सद्भाव और भाईचारा से मनाने की अपील शहर के नागरिकों से आज शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित शांति समिति की बैठक में की गई। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की मौजूदगी में संपन्न हुई इस बैठक में समिति के सदस्यों ने त्यौहारों के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिये तथा शांति और कानून व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में नगर निगम के आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड तथा शांति समिति के सदस्य सुश्री कौशल्या गोंटिया, मुकेश राठौर, प्यारे साहब, एम ए रिजवी, साबिर उस्मानी, शरण चौधरी, मो. ताहिर खान, मो. अकबर खान, शाबान मंसूरी आदि मौजूद थे। शांति समिति के सदस्यों ने बैठक में त्यौहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव प्रशासन को दिया। बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी सदस्यों ने रखी। होली पर पानी की अतिरिक्त आपूर्ति करने की अपेक्षा की गई। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त तथा अशांति पैदा करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की मांग रखी गई। शांति समिति के सदस्यों ने होली के त्यौहार पर स्वास्थ्य के लिये हानिकारक केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल एवं पीली मिट्टी से होली खेलने पर प्रतिबंध लगाने की मांग रखी। सदस्यों ने होली की फूहड़ प्रतिमाओं की स्थापना पर रोक लगाने, त्यौहारों पर डीजे के इस्तेमाल को पूर्णतः प्रतिबन्धित करने का सुझाव भी दिया। रमजान के दौरान लगने वाले मीना बाजार में सुरक्षा की दृष्टि से महिला पुलिस की तैनाती और मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने की राय भी बैठक में दी गई। त्यौहारों के मद्देनजर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न का वितरण करने की बात शांति समिति के सदस्यों ने की। सदस्यों ने हाल ही में सिहोरा में पैदा हुई कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने तथा जिले की फिजां बिगाड़ने की कोशिशों को असफल करने प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई कारवाई की जमकर सराहना भी की। बैठक को संबोधित करते हुये कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि त्यौहारों के दौरान जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये जायेंगे तथा धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती की जायेगी। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शांति और कानून व्यवस्था बनाये रखने में समिति के सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा करते हुये कहा कि त्यौहारों के दौरान ऐसी हर गतिविधि की सूचना पुलिस और प्रशासन को दें जिनसे सद्भाव का वातावरण खराब होने की आशंका हो। उन्होंने बताया कि त्यौहारों के दौरान शांति भंग करने वाले आसामाजिक तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी और उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। सुनील साहू / शहबाज / 27 फरवरी 2026/ 09.00