:: युगल के बाद मिश्रित युगल में भी स्वर्ण जीतकर खिलाड़ियों ने रचा इतिहास :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के अभय प्रशाल में आयोजित यूटीटी पैरा नेशनल टेबल टेनिस स्पर्धा-2026 के दूसरे दिन राष्ट्रीय सितारों ने अपनी बादशाहत कायम करते हुए पदकों की बारिश कर दी। टोक्यो पैरा ओलंपिक की रजत पदक विजेता भाविना पटेल, हरियाणा के शुभम वाधवा, राजलक्ष्मी एस.जे., विजया दीपिका और विश्व तांबे ने बेमिसाल खेल दिखाते हुए अपनी-अपनी श्रेणियों में दोहरे राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किए। इन पांचों खिलाड़ियों ने युगल और मिश्रित युगल दोनों ही वर्गों के फाइनल मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता के सफलतम पैरा पैडलर्स होने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता का सबसे आकर्षक मुकाबला मिश्रित युगल क्लास-7 का फाइनल रहा, जहां ओलंपिक पदक विजेता भाविना पटेल और शुभम वाधवा की जोड़ी ने रमेश चौधरी और सोनल पटेल को 3-2 के कड़े संघर्ष में पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। शुभम वाधवा के लिए यह दिन का दूसरा स्वर्ण था, क्योंकि इससे पहले उन्होंने पुरुष युगल क्लास-4 के फाइनल में जेडी मदान के साथ जोड़ी बनाकर अल्पेश बी. सुतारिया और मधु राम को सीधे सेटों में 3-0 से मात दी थी। शुभम और जेडी ने सेमीफाइनल में भी जय भोले दवे और लक्ष्य गुप्ता को 3-2 से हराया था। :: राजलक्ष्मी, विजया और विश्व तांबे का दबदबा :: दोहरी सफलता की इस कड़ी में राजलक्ष्मी एस.जे. ने महिला युगल क्लास-5 में सोनल पटेल के साथ 3-0 से खिताबी जीत दर्ज की और फिर मिश्रित युगल क्लास-4 में जगन्नाथ एच.एम. के साथ मिलकर अविनाश और दीपिका रानी को 3-1 से शिकस्त देकर अपना दूसरा स्वर्ण पदक पक्का किया। इसी तरह विजया दीपिका ने महिला युगल क्लास-10 में शीतल दर्जी के साथ स्वर्ण जीता और बाद में मिश्रित युगल में त्रिवेंद्र सिंह के साथ जोड़ी बनाकर सुमित सहगल और काजल मकवाना को 3-0 से एकतरफा मात दी। पुरुष वर्ग में विश्व तांबे ने अपनी रैंकिंग के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए पुरुष युगल क्लास-18 में शशिधर कुलकर्णी के साथ 3-0 से जीत दर्ज की और मिश्रित युगल क्लास-20 में नतानिया जैन के साथ बेबी सहाना और हितेश डोलवानी को 3-1 से हराकर दोहरे खिताब पर कब्जा जमाया। :: हर्ष-रमेश, धवानी-सोनल, बेबी-पृथ्वी और अजय-भाविका भी बने चैंपियन :: पुरुष युगल क्लास-14 के एक बेहद कड़े फाइनल में हर्ष त्रिवेदी और रमेश की जोड़ी ने प्रमोद कुमार और शक्ति कुमार को 3-2 से पराजित किया। महिला युगल क्लास-14 के फाइनल में धवानी शाह और सोनल बेन दाभी ने पूनम और प्रगति को 3-2 से हराया। वहीं, क्लास-20 में बेबी सहाना और पृथ्वी बर्वे की जोड़ी ने सविता और कंचन बेन को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। मिश्रित युगल क्लास-14 में अजय जीवी और भाविका कुकड़िया की जोड़ी ने धवानी शाह और हर्ष त्रिवेदी को 3-1 से हराकर जीत का परचम फहराया। स्पर्धा के विजेताओं को मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी के मुख्य आतिथ्य में पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान एम.पी. टेबल टेनिस संगठन के जयेश आचार्य, प्रमोद गंगराड़े, रिंकू आचार्य, नीलेश वेद, सुमन पारिख और विनायक सुतार विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन बी.एस. रमणकुमार ने किया और आभार प्रदर्शन योगेंद्र चौहान द्वारा किया गया। एकल वर्ग के मुकाबले देर रात तक जारी रहे, जिनमें खिलाड़ियों के बीच शीर्ष रैंकिंग के लिए कड़ा संघर्ष देखा गया। प्रकाश/27 फरवरी 2026