171.19 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात झाबुआ(ईएमएस)। मोहन यादव ने अलीराजपुर में चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही वे जनजातीय अंचल के प्रमुख उत्सव भगोरिया के रंग में भी रंगे नजर आए। मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर आजाद नगर के मंडी परिसर में कार्यक्रम के दौरान 171.19 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 79.92 करोड़ रुपए की लागत के 14 कार्यों का लोकार्पण और 119.02 करोड़ रुपए के 35 नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए 1800 करोड़ रुपए की नर्मदा पाइपलाइन परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही खंडाला में सांदीपनि स्कूल और कई नए पुलों व उप-स्वास्थ्य केंद्रों की शुरुआत की गई। सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए आजाद के बलिदान को याद किया। मध्यप्रदेश के जनजातीय गौरव और स्वाभिमान की धरती आलीराजपुर जिले के भाभरा में महान क्रांतिकारी राष्ट्रभक्त अमर शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद जी के जन्मस्थान पर उनके पावन स्मरण में एक भव्य एवं प्रेरणादायी पार्क का निर्माण करने की घोषणा सीएम ने की। आजाद पार्क बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिस जमीन पर चंद्रशेखर आजाद का बचपन बीता, वहां आजाद पार्क बनाया जाएगा। संस्कृति विभाग के जरिए इस जगह को इतना सुंदर और आकर्षक बनाया जाएगा कि देश-विदेश से आने वाले लोग यहां से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि आजाद की जन्मभूमि राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है और इसे संवारना हम सबकी जिम्मेदारी है। उदयगढ़ में आयोजित भगोरिया कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का एक अलग अंदाज देखने को मिला। वे यहां मात्र 10 मिनट रुके और करीब 500 मीटर का रोड शो किया। जब कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान भाषण दे रहे थे, तब मुख्यमंत्री ने उन्हें बीच में ही रोकते हुए कहा, आज भगोरिया के आनंद का दिन है, आज भाषणबाजी नहीं होगी। आपकी जो भी मांगें हैं, मैं उन सबको पूरा करता हूं। इतना कहकर उन्होंने भगोरिया की जय का नारा लगाया और वहां से विदा हुए। आजाद के साहस को किया याद मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मात्र 15 साल की उम्र में आजाद क्रांतिकारी बन गए थे। उन्होंने उस किस्से को भी याद किया जब कोर्ट में आजाद ने अपना नाम आजाद, पिता का नाम स्वतंत्र और घर जेल बताया था। इस दौरान मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विनोद उपाध्याय / 27 फरवरी, 2026