:: चंदन नगर चौराहे पर जुटी शहर की विभूतियाँ, क्रांतिकारी आजाद के अमर बलिदान को किया याद :: इंदौर (ईएमएस)। महान क्रांतिकारी और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के नायक शहीद चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर आज इंदौर ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर चंदन नगर चौराहे पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान महापौर ने शहीद आजाद के अदम्य साहस और देशभक्ति का स्मरण करते हुए कहा कि उनके बलिदान की गाथा आज भी युवाओं के लिए राष्ट्र सेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा है। इस गरिमामयी अवसर पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और क्षेत्रीय पार्षद महेश चौधरी सहित शहर के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने देश की आजादी के लिए उनके अप्रतिम योगदान को याद करते हुए आमीर शहीद चंद्रशेखर आजाद अमर रहें के नारों के साथ अपनी कृतज्ञता प्रकट की। प्रकाश/27 फरवरी 2026